" alt="" aria-hidden="true" />
खरगोन. सहकार नगर के व्यापारी (49) व असनगांव के चार्टेड अकाउंटेंट (सीए) की जांच रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आने के बाद दोनों को इंदौर रैफर कर दिया गया है। वहीं व्यापारी की मां (70) की शनिवार सुबह हार्टअटैक से मौत हो गई है। डॉक्टर अब व्यापारी की मां व उसकी पत्नी के सैंपल फिर से लेकर जांच के लिए भेजेंगे क्योंकि जब पत्नी व्यापारी पति के साथ डरबन (साउथ अफ्रीका) से लौटकर मरकज दिल्ली में एक दिन रूकने के बाद वापस लौटी थी, तब उसकी जांच रिपोर्ट निगेटिव आई थी। शनिवार को व्यापारी की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद पत्नी के सैंपल एक बार फिर से लिए जाएंगे। मां के भी सैंपल लिए हैं।
दो लोगों की पॉजिटिव रिपोर्ट आने के बाद से जिलेभर में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस ने सहकार नगर व आसनगांव क्षेत्र के तीन किमी क्षेत्र को सील कर दिया है। कलेक्टर गोपालचंद्र डाड व एसपी सुनील पांडेय दोनों संबंधित क्षेत्रों में पहुंचे और आसपास के लोगों से चर्चा की। सुविधाएं देने का भरोसा दिलाया। स्वास्थ्य विभाग ने 700 से ज्यादा लोगों की जांच की। इसमें चार को सर्दी-जुकाम की शिकायत मिली है। हालांकि स्वास्थ्य विभाग की टीमें लगातार जांच व सर्वे कर रही है।
एसडीएम अभिषेक गेहलोत ने बताया कि सहकार नगर के व्यापारी की जवाहर मार्ग स्थित कुरकुरे व गोली-बिस्किट की दुकान है। वह अपनी पत्नी (43) के साथ 21 जनवरी को जमात के लिए मुंबई गए थे। यहां से 2 फरवरी को उन्हें दक्षिण अफ्रीका के डरबन शहर भेजा गया। 18 मार्च की रात को दोनों डरबन से फ्लाइट से दिल्ली लौटे। यहां 20 मार्च को निजामुद्दीन तब्लीग में शामिल हुए। अगले दिन फ्लाइट से दिल्ली से इंदौर पहुंचे। यहां से खरगोन आए। 22 मार्च को घर पर ही आईसोलेट थे।